खेलझारखंड

झारखंड में शुरू हुई 48वीं सीनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप

Ranchi : रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इनडोर स्टेडियम में 16 अगस्त से 48वीं सीनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप की शुरुआत हो गई है। यह प्रतियोगिता 18 अगस्त तक चलेगी। देश के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 50 टीमें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं।

चैंपियनशिप के पहले दिन ही खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। मुंबई, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से आए खिलाड़ियों ने रांची की मेजबानी और खेल ढांचे की सराहना की। उनका कहना है कि थ्रोबॉल अब अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ रहा है।

यह पहली बार है जब झारखंड को सीनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि आयोजन को सफल और भव्य बनाना संघ का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि 2022 में झारखंड ने जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता पहले ही साबित कर दी थी।

संघ के सचिव गौतम ने बताया कि खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा, परिवहन और खेल सुविधाएं राष्ट्रीय स्तर की उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रतियोगिता में झारखंड की पुरुष और महिला टीमों ने शानदार शुरुआत की है। पुरुष टीम की कप्तानी राकेश कुमार और महिला टीम की कप्तानी जेबा परवीन कर रही हैं। दोनों टीमों ने अपने पहले मुकाबले जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है।

थ्रोबॉल जानकारों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से नई प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और झारखंड का नाम राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूत होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *