खेल

झारखंड सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उपविजेता


फाइनल में पंजाब से 3-4 से मिली हार, शुरुआती बढ़त गंवाई

रांची, 8 अगस्त : चेन्नई में 28 जुलाई से 8 अगस्त 2025 तक आयोजित 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के रोमांचक फाइनल में झारखंड टीम को पंजाब से 3-4 से हार का सामना करना पड़ा और वह उपविजेता बनी। पंजाब की टीम ने खिताब अपने नाम किया।

मैच की शुरुआत में झारखंड का प्रदर्शन शानदार रहा और टीम ने 29वें मिनट तक 2-0 की बढ़त बना ली। लेकिन पंजाब ने 29वें और 30वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया। 42वें मिनट में झारखंड ने एक और गोल कर 3-2 की बढ़त हासिल की, मगर पंजाब ने 45वें मिनट में वापसी करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। निर्णायक वार 53वें मिनट में आया, जब पंजाब ने चौथा गोल दागकर 4-3 की बढ़त बनाई और यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।

गौरतलब है कि लीग चरण में झारखंड ने पंजाब को 5-2 से हराया था। फाइनल में झारखंड की ओर से आशीष तानी पूर्ति, अनीश डुंगडुंग और शुखू गुड़िया ने एक-एक गोल किया। झारखंड टीम 2022 में भी उपविजेता रही थी, जबकि 2021 में उसने खिताब जीता था।

झारखंड पुरुष टीम के उपविजेता बनने पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के सभी अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *