रांची के खिलाड़ियों में ओलंपिक का सपना जगाकर गए मनसुख मांडविया, बोले- बड़े लक्ष्य तय करें युवा
बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खिलाड़ियों से किया संवाद, खेलो इंडिया के तहत करीब 4,900 एथलीटों को मिल रहा प्रशिक्षण और सहायता का लाभ
रांची। केंद्रीय युवा एवं खेल मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रांची के खिलाड़ियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के अनुभवों, चुनौतियों और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय खेलों और ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने तथा तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए बड़े सपने देखने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान और मजबूती मिली है। फिट इंडिया मूवमेंट, टॉप्स (TOPS) और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से युवा प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, राष्ट्र निर्माण का आधार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि देश का हर बच्चा और युवा प्रतिदिन खेल के मैदान में पहुंचे। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी राष्ट्र के निर्माण का आधार है।
उन्होंने खेलो इंडिया अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि इसके माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचानने का काम किया जा रहा है। टैलेंट हंट कार्यक्रमों के जरिए युवा खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 4,900 खेलो इंडिया एथलीट इस व्यवस्था से जुड़े हैं और चयनित खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष लगभग सात लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं पर जोर
मांडविया ने कहा कि स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर (STC) और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करना है।
उन्होंने खिलाड़ियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन के साथ अभ्यास करने और देश के लिए पदक जीतने का संकल्प लेकर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत की युवा खेल प्रतिभाएं आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरव बढ़ाएंगी।
खेल जगत की कई हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके सरीन, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक, हॉकी ओलंपियन मनोहर टोपनो और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित हॉकी खिलाड़ी सुमराय टेटे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
