झारखंड में पहली बार होगी इंटर स्कूल मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप, 29 नवंबर को जुटेंगे 200 खिलाड़ी
राज्य के विभिन्न जिलों के स्कूली खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, प्रतियोगिता के संचालन में 30 जज और रेफरी निभाएंगे जिम्मेदारी
रांची। झारखंड में स्कूली खिलाड़ियों को मिक्स बॉक्सिंग का मंच देने के उद्देश्य से 29 नवंबर को प्रथम झारखंड राज्य इंटर स्कूल मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा। झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में होने वाली इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 30 जज और रेफरी की टीम तैनात रहेगी।
चैंपियनशिप का आयोजन यूनि हाइट टावर, चौथी मंजिल, मंगल टावर के निकट, कोकर रोड, कांटाटोली, रांची में किया जाएगा।
स्कूली बच्चों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद इबरार कुरैशी ने बताया कि मिक्स बॉक्सिंग को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देना एसोसिएशन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश में अन्य खेलों को पहचान और प्रोत्साहन मिल रहा है, उसी तरह मिक्स बॉक्सिंग को भी आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप की तैयारी में मिलेगी मदद
मोहम्मद इबरार कुरैशी के अनुसार, जनवरी 2027 में प्रस्तावित राष्ट्रीय मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी करने और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों का अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी और स्कूल पंजीकरण तथा अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8210565183 पर संपर्क कर सकते हैं। एसोसिएशन ने राज्य के सभी स्कूलों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा मिक्स बॉक्सिंग को प्रोत्साहित करने की अपील की है।
