रांची

फैटी लिवर से बचाव के लिए रांची में विशेष अभियान शुरू, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया शुभारंभ

बोले- बदलती जीवनशैली के कारण गंभीर हो रही बीमारी, नियमित जांच और संतुलित खानपान जरूरी

रांची, 23 नवंबर। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को दरभंगा हाउस में आयोजित कार्यक्रम में ‘फैटी लिवर फ्री रांची अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान को जनस्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ को बधाई दी। साथ ही केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) के निदेशक डॉ. शिव कुमार सरीन के प्रति आभार जताया। अभियान को सीएसआर के तहत सहयोग देने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड की भी सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण फैटी लिवर की समस्या तेजी से गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनती जा रही है। इस बीमारी के शुरुआती चरण में अक्सर स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते, जिससे समय पर इसकी पहचान नहीं हो पाती। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है।

उन्होंने लोगों से खानपान में सुधार करने, नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने और वजन नियंत्रित रखने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने होंगे।

मोबाइल मेडिकल वैन से होगी शुरुआती जांच

राज्यपाल ने कहा कि अभियान के तहत मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से लोगों को शुरुआती जांच और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोगों में फैटी लिवर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय रहते बीमारी की पहचान करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र का आधार हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी सेहत के प्रति जागरूक और सजग रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *