पारसनाथ से लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस पेड़ से टकराकर पलटी, दंपति की मौत; 10 से अधिक घायल
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में पारसनाथ शिखरजी की वंदना कर जमशेदपुर लौट रहे जैन तीर्थ यात्रियों की बस रविवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और दूसरी ओर पलट गई। हादसे में गुजरात के सूरत निवासी एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज (56) और उनकी पत्नी बादामी देवी (49) के रूप में हुई है। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
10 वाहनों के काफिले में शामिल थी बस
पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं का काफिला 10 वाहनों में सवार होकर पारसनाथ शिखरजी के दर्शन के बाद जमशेदपुर लौट रहा था। इसी दौरान मधुबन थाना क्षेत्र में कल्याण निकेतन के पास एक बस चालक का नियंत्रण खो गया। बस पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। दुर्घटना में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत-बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही डुमरी के एसडीपीओ आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।
एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि मृतक दंपति के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
