संविधान दिवस पर झारखंड में कांग्रेस की हुंकार, अंबेडकर चौक से बिरसा चौक तक निकलेगी ‘संविधान रक्षक रैली’
26 नवंबर को राज्यव्यापी जुटान की तैयारी, के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संभाली कमान
रांची। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी राजधानी रांची में राज्य स्तरीय ‘संविधान रक्षक रैली’ निकालेगी। रैली के जरिए संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें रैली को सफल बनाने के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य सह झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। बैठक में पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों और विभागों के अध्यक्षों को कार्यक्रम की रूपरेखा बताई गई। साथ ही जिला, विधानसभा और प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अंबेडकर चौक से शुरू होकर बिरसा चौक पहुंचेगी रैली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को संविधान रक्षक रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से शुरू होगी। यहां से मार्च करते हुए रैली बिरसा चौक पहुंचेगी। वहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष कार्यक्रम का समापन होगा।
भाजपा सरकार पर कांग्रेस ने लगाए आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने केंद्र की भाजपा सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं और संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना समय की जरूरत है। कांग्रेस संविधान की सुरक्षा, लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 26 नवंबर की रैली को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रही है। देशभर में संविधान रक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। झारखंड में भी पार्टी के सभी फ्रंटल संगठन और विभाग एकजुट होकर जनता तक यह संदेश पहुंचाएंगे कि संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस खड़ी है। उन्होंने अन्याय और संवैधानिक अधिकारों के हनन के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सह मीडिया विभाग के अध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, उपाध्यक्ष दयामणि बरला, सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी गजेंद्र सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो, एनएसयूआई अध्यक्ष विनय उरांव, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रशांत किशोर और ओबीसी विभाग के अध्यक्ष निशांत कुमार सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे।
