गिरिडीह

गिरिडीह में खेल प्रतिभाओं को मिला मंच, दो दिवसीय प्रतियोगिता शुरू; डीसी ने किया उद्घाटन

गिरिडीह। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर गिरिडीह स्टेडियम में शनिवार को दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव और उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपायुक्त ने गुब्बारे उड़ाकर और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और गुलेल सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैदान पर युवा प्रतिभागियों का जोश और खेल भावना देखने को मिली।

फुटबॉल, वॉलीबॉल और तीरंदाजी में दिखा दमखम

पहले दिन आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, कौशल और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फुटबॉल और वॉलीबॉल में खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन की होड़ रही। वहीं, तीरंदाजी और गुलेल प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपनी दक्षता दिखाई।

इस आयोजन का उद्देश्य जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना भी इसका लक्ष्य है।

खेलों से युवाओं को मिलती है नई पहचान : उपायुक्त

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि झारखंड की पहचान समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली विरासत के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी है। राज्य के कई खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

उन्होंने विशेष रूप से हॉकी का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। यह पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।

उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन में सकारात्मक दिशा प्राप्त करने का अवसर देते हैं। खेल गतिविधियों से अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निरंतर अभ्यास करने की अपील की।

रविवार को भी जारी रहेंगी प्रतियोगिताएं

उपायुक्त ने कहा कि गिरिडीह जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को पहचानकर उचित अवसर और प्रोत्साहन दिया जाए, ताकि यहां के युवा भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों से भी जोड़ा जाए। इससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास होगा। दो दिवसीय प्रतियोगिता रविवार को भी जारी रहेगी। दूसरे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं के आयोजन के बाद कार्यक्रम का समापन होगा।

कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भी आयोजन में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *