देवघर में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार; 11 मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
देवघर: झारखंड के देवघर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी और बैंककर्मी बनकर लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाते थे।
फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, गूगल पे और फोन पे जैसी सेवाओं के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके अलावा वे खुद को एयरटेल पेमेंट बैंक का कर्मचारी बताकर भी लोगों को झांसे में लेते थे।
आरोपी कैशबैक और अन्य आकर्षक ऑफर का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उनसे बैंकिंग और निजी जानकारियां हासिल कर ठगी की जाती थी।
APK फाइल भेजकर मोबाइल तक बनाते थे पहुंच
साइबर अपराधी प्रधानमंत्री किसान योजना, बिजली बिल भुगतान और आरटीओ चालान के नाम पर लोगों को एपीके फाइल भेजते थे। इन फाइलों को डाउनलोड कराने के बाद वे मोबाइल फोन तक पहुंच बनाने की कोशिश करते थे।
इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक का कार्ड बंद होने और उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर भी लोगों से पैसे ऐंठने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- अर्जुन दास
- सगीर अंसारी
- अताउल अंसारी
- सराफत अली
- अकबरूल अंसारी
- लतीफ अंसारी
- शमीम मियां
सभी आरोपी देवघर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इनके खिलाफ कई राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है।
ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए रहें सतर्क
साइबर ठगी के ऐसे मामलों में लोगों को अनजान लिंक और एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचना चाहिए। किसी भी बैंक या डिजिटल पेमेंट सेवा के कस्टमर केयर नंबर की पुष्टि संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से ही करें। बैंक या पेमेंट सेवा के नाम पर फोन करने वाले अनजान लोगों के साथ ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
