रांची

देवउठनी एकादशी पर पुंदाग के प्रणामी मंदिर में भव्य आयोजन, राधा-कृष्ण का हुआ अलौकिक श्रृंगार

चार माह की योगनिद्रा से जागे भगवान विष्णु, दीपों से हुई सामूहिक आरती; भजन-कीर्तन में भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

रांची: देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। परमहंस संत शिरोमणि सदानंद महाराज जी के सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री राधा-कृष्ण राज श्यामा जी का नवीन वस्त्रों और आकर्षक जड़ित आभूषणों से भव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। भगवान को विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद दीपों से सामूहिक आरती की गई।

भजन-कीर्तन से गूंजा मंदिर परिसर

धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में महिलाओं ने भक्तिमय भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। पूरा वातावरण भगवान के जयकारों और भक्ति संगीत से गुंजायमान रहा। पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

चातुर्मास समाप्ति के साथ शुरू होते हैं मांगलिक कार्य

इस मौके पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने देवउठनी एकादशी की धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

उन्होंने तुलसी विवाह की परंपरा के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। साथ ही श्री खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव की धार्मिक मान्यता, महत्ता और भक्ति परंपरा के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्य, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे। सभी ने भगवान श्री राधा-कृष्ण से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *