रांची

झारखंड में अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट का आगाज कल से, 500 महिला खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम

21 से 24 नवंबर तक होटवार के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में होगी प्रतियोगिता, सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की खिलाड़ी लेंगी हिस्सा

रांची, 20 नवंबर। झारखंड वुशु एसोसिएशन की ओर से आयोजित अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का आगाज शनिवार, 21 नवंबर से होगा। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 500 महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। अब तक लगभग 300 खिलाड़ी रांची पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर तीन आयु वर्गों की खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को टाटीसिलवे स्थित होटल बालाजी में जजेस तकनीकी सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए करीब 45 तकनीकी पदाधिकारियों ने भाग लिया। ये पदाधिकारी टूर्नामेंट के दौरान निर्णायक और तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाएंगे।

45 तकनीकी पदाधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

झारखंड वुशु एसोसिएशन के महासचिव शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ियों का वजन कराया गया। इसके अलावा टीम मैनेजरों की बैठक भी हुई, जिसमें प्रतियोगिता के आयोजन, नियमों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

महिला खिलाड़ियों को पहचान और अवसर देना है लक्ष्य

महासचिव शैलेन्द्र दुबे ने कहा कि अस्मिता का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि महिला खिलाड़ियों को पहचान, अवसर और आत्मविश्वास प्रदान करना है। इस पहल के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को खेल के माध्यम से सशक्त बनाने तथा उनकी प्रतिभा को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अस्मिता महिला खिलाड़ियों को जिला और राज्य स्तर से आगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके साथ ही खेलों में महिलाओं की भागीदारी, समान अवसर, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना भी इसका लक्ष्य है।

दुबे ने कहा कि झारखंड की बेटियां खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प से राज्य का गौरव बढ़ा रही हैं। अस्मिता उन्हें अपनी क्षमता साबित करने और सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है।

21 नवंबर को होगा भव्य उद्घाटन

टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 21 नवंबर को अपराह्न 3 बजे ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, रांची में आयोजित किया जाएगा। समारोह में गणमान्य अतिथि, खेल पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि और खेल प्रेमी शामिल होंगे।

प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 24 नवंबर को अपराह्न 3 बजे आयोजित किया जाएगा। झारखंड वुशु एसोसिएशन ने खेल प्रेमियों और खेल संगठनों से कार्यक्रम में शामिल होकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *