रामगढ

चक्रवात का खतरा: रामगढ़ के किसानों को सतर्क रहने की सलाह, फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे में देना अनिवार्य

अकवान चक्रवात से भारी बारिश की आशंका के बीच जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नुकसान की सूचना देने के बताए तरीके

रामगढ़, 20 नवंबर। अकवान चक्रवात के कारण संभावित भारी बारिश और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग ने फसलों की सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा दावा करने को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे तेज हवाओं और बारिश से खड़ी फसलों के साथ खेतों में रखी कटी हुई उपज को बचाने के लिए समय रहते जरूरी एहतियाती कदम उठाएं।

फसल नुकसान पर 72 घंटे के भीतर देनी होगी सूचना

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, अधिसूचित स्थानीय आपदा या फसल कटाई के बाद खेत में रखी उपज को नुकसान पहुंचने की स्थिति में बीमित किसानों को घटना के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना देना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में सूचना देने से किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दावा प्रक्रिया में मदद मिलेगी।

इन माध्यमों से दर्ज करा सकते हैं शिकायत

फसल क्षति की सूचना दर्ज कराने के लिए किसानों को कई विकल्प दिए गए हैं। वे कृषि रक्षक पोर्टल, टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, संबंधित बीमा कंपनी, नजदीकी पैक्स या प्रखंड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

खड़ी फसलों के नुकसान का ऐसे होगा आकलन

प्रशासन के अनुसार, यदि खड़ी फसलों को व्यापक नुकसान होता है तो बीमा इकाई स्तर पर क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट (फसल कटाई प्रयोग) के वास्तविक उपज आंकड़ों के आधार पर क्षति का आकलन किया जाएगा। इस प्रक्रिया में किसानों को व्यक्तिगत रूप से नुकसान की सूचना देने की आवश्यकता नहीं होगी।

अधिकारियों और बीमा कंपनियों को समन्वय का निर्देश

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों, बीमा कंपनियों और पैक्स को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है। साथ ही किसानों तक समय पर जरूरी जानकारी पहुंचाने और फसल क्षति की रिपोर्टिंग व आकलन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *