प्रशासन से वार्ता के बाद ग्रामीणों ने समाप्त किया सड़क जाम, चार लाख मुआवजे पर बनी सहमति
छठ के बाद बंद पत्थर खदान की होगी तार से घेराबंदी, अंतिम संस्कार के लिए थाना प्रभारी देंगे 20 हजार रुपये
पूर्वी सिंहभूम, 14 नवंबर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह स्थित बंद पत्थर खदान से नाबालिग छात्रा का शव मिलने के बाद मुआवजे और खदान की सुरक्षा की मांग को लेकर सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों ने शनिवार को प्रशासन के साथ वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया। करीब एक घंटे तक चली बातचीत में मृतका के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने पर सहमति बनी। जाम हटने के बाद टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो गया।
अंतिम संस्कार के लिए थाना प्रभारी देंगे 20 हजार रुपये
कमलपुर थाना गेट के समीप प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता में थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने मृतका कनकलता के अंतिम संस्कार के लिए अपने स्तर से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। प्रशासन की ओर से मुआवजे और अन्य मांगों पर मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
छठ के बाद खदान की होगी तार से घेराबंदी
वार्ता में लायाडीह स्थित बंद पत्थर खदान की सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सहमति बनी कि छठ पूजा के बाद खनन विभाग की ओर से खदान परिसर की तार से घेराबंदी कराई जाएगी, ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति खदान के गहरे गड्ढों तक नहीं पहुंच सके।
वहीं, खदान को भरने से संबंधित झारखंड उच्च न्यायालय में लंबित मामले में न्यायालय के आदेश के अनुरूप आगे की प्रक्रिया शुरू करने पर भी सहमति बनी।
चार दिनों से लापता थी छात्रा, खदान में मिला था शव
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह बंद पत्थर खदान के पानी में कनकलता का शव तैरता हुआ मिला था। छात्रा पिछले चार दिनों से लापता थी। उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया था।
कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के अनुसार, छात्रा के हाथ की अंगुली और मुंह पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। उसकी मौत के वास्तविक कारण और चोट लगने की परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
50 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर किया था जाम
शनिवार को ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने, खदान की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अन्य मांगों को लेकर टाटा-पटमदा मुख्य सड़क जाम कर दी थी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दयानंद कुमार के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता की।
इस दौरान जिला खनन निरीक्षक अभिजीत मजूमदार, अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा, कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता और बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
