रांची

निशा भगत आत्महत्या मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर, एसआईटी गठित

पिता के आवेदन पर दो लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

रांची, 10 नवंबर। झारखंड की राजधानी रांची के चर्चित निशा भगत आत्महत्या मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्हें भी जांच के दायरे में रखा गया है। वहीं, रांची के एसएसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

पिता के आवेदन पर एसआईटी गठित

मृतका के पिता हंदू भगत की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर एसआईटी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पिता ने केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोगों ने निशा भगत की बदनामी की और उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एसआईटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इन आरोपों की जांच की जा रही है।

फेसबुक लाइव में साझा की थी परेशानी

उल्लेखनीय है कि छह नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना से पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं। इस दौरान रोते हुए उन्होंने अपनी परेशानी साझा की थी।

फेसबुक लाइव में निशा ने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर कथित प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे। लाइव के दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था।

थाना प्रभारी पर भी उठे सवाल

बताया गया है कि आत्महत्या से पहले निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने आने की बात कहकर फोन काट दिया था। इस मामले में थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने के साथ उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति और महिला आयोग ने लिया संज्ञान

मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने घटना को गंभीर बताते हुए झारखंड सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगने की बात कही है।

वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच कराने का निर्देश दिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने निशा भगत के फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने को कहा है।

अब एसआईटी की जांच और दोनों राष्ट्रीय आयोगों की पहल के बाद इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *