चतरा

चतरा में लूट की योजना बना रहे दो अपराधी गिरफ्तार, 9 एमएम की पिस्टल और गोली बरामद

ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने की थी तैयारी, पुलिस ने बाइक सवार आरोपी को पकड़कर दूसरे को भी दबोचा

चतरा, 10 नवंबर। झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने लूट की योजना बना रहे दो आरोपितों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दशरथ कुमार भारती और मरगड़ा गांव निवासी विक्रम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 9 एमएम की एक देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली, दो खोखा और एक हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानों में लूटपाट की योजना बना रहे थे।

मंगलवार को एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

गुप्त सूचना पर गठित हुई छापेमारी टीम

सूचना की गंभीरता को देखते हुए कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजनी गांव के टोला पडरियाबर स्थित तीनमुहाना के पास संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

कमर में छिपाकर रखी थी पिस्टल

तलाशी के दौरान युवक की कमर में छिपाकर रखी गई 9 एमएम की देशी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि हथियार उसे विक्रम कुमार भारती ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपित विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

चोरी के मामले में पहले भी दर्ज है केस

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दशरथ कुमार भारती का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुंदा थाना में चोरी का मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही बरामद हथियार के स्रोत और उनकी अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस हथियार का इस्तेमाल पहले किसी आपराधिक वारदात में तो नहीं किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय रहते की गई कार्रवाई से ज्वेलरी दुकानों में संभावित लूट की वारदात को टाल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *