Bihar News: CM सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन, एक साथ 15 अधिकारी सस्पेंड; शिकायतों की अनदेखी पर गिरी गाज
सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री ने खुद सुनीं लोगों की समस्याएं, राजस्व एवं भूमि सुधार, ग्रामीण विकास समेत चार विभागों के अधिकारी-कर्मी कार्रवाई की जद में
पटना: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने एक साथ 15 अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया। इन पर आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने और समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। निलंबित अधिकारियों में अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी और अभियंता समेत विभिन्न पदों पर तैनात कर्मी शामिल हैं।
सहयोग शिविर में शिकायतों की समीक्षा के बाद कार्रवाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहयोग शिविर में स्वयं लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान बिहार के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं। शिकायतों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों की कार्यशैली और लापरवाही से जुड़े मामले सामने आए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
चार विभागों के 15 अधिकारी-कर्मचारी निलंबित
जारी सूची के अनुसार, निलंबित अधिकारियों और कर्मचारियों में सबसे अधिक राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े हैं। इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारी-कर्मी भी शामिल हैं।
मुंगेर और सुपौल जिले से दो-दो अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। अन्य जिलों में भोजपुर, कटिहार, भागलपुर, अररिया, गया, जहानाबाद, शेखपुरा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और गोपालगंज के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
निलंबित अधिकारियों की पूरी सूची
1. मुंगेर
- जय प्रकाश – अंचल अधिकारी, हवेली खड़गपुर।
- अर्चना कुमारी – अंचल अधिकारी, टेटिया बंबर।
2. भोजपुर
- रवि रंजन – प्रखंड विकास पदाधिकारी, आरा सदर।
3. कटिहार
- संजीव कुमार – अंचल अधिकारी, कोढ़ा।
4. भागलपुर
- संतोष कुमार सुमन – अंचल अधिकारी, नवगछिया।
5. अररिया
- पंकज कुमार – अंचल अधिकारी, फारबिसगंज।
6. गया
- रमेश कुमार – अंचल अधिकारी, बोधगया।
7. जहानाबाद
- रंजीत कुमार उपाध्याय – अंचल अधिकारी, मखदुमपुर।
8. सुपौल
- प्रियंका सिंह – अंचल अधिकारी, त्रिवेणीगंज।
- वीणा वैशाली – कार्यपालक पदाधिकारी, निर्मली एवं सिमराही।
9. शेखपुरा
- रोहित कुमार दुबे – सहायक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल।
10. मुजफ्फरपुर
- भोला नाथ – कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, कुढ़नी।
11. पश्चिम चंपारण
- श्याम बाबू राय – कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, मझौलिया।
12. सीतामढ़ी
- पवन कुमार – कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, सुरसंड।
13. गोपालगंज
- शुभम कुमार – राजस्व कर्मचारी। उनका तत्कालीन पदस्थापन उचकागांव अंचल, गोपालगंज में था। वर्तमान में वे बाजपट्टी अंचल, सीतामढ़ी में पदस्थापित थे।
आम लोगों की शिकायतों पर सरकार का सख्त रुख
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की इस कार्रवाई को सरकारी कामकाज में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सहयोग शिविर के माध्यम से सरकार आम लोगों की समस्याएं सीधे सुन रही है। अधिकारियों को शिकायतों का समय पर समाधान करने और जनता के प्रति जवाबदेह रहने का संदेश दिया गया है।
