जमशेदपुर में बुजुर्ग का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
टीसी कॉलोनी लिंक रोड पर मिला शव, घटनास्थल की परिस्थितियों पर उठाए सवाल
पूर्वी सिंहभूम, 10 नवंबर । जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएच एरिया की टीसी कॉलोनी लिंक रोड पर मंगलवार को एक बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान सनाधार नाग (करीब 60-70 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बलीग्राम बस्ती में कोऑपरेटिव कॉलेज के समीप रहते थे। शव मिलने की सूचना पर परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक के होने वाले समधी ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि बुजुर्ग का क्षेत्र की एक महिला के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। आरोप है कि घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और मारपीट भी हुई थी। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के बाद बुजुर्ग की हत्या कर शव को टीसी कॉलोनी लिंक रोड पर लाकर फेंक दिया गया।
परिजनों ने घटनास्थल पर मिले सामान को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मृतक की साइकिल दूसरी गली में मिली, जबकि चप्पल अलग स्थान पर पड़ी थी। शव पर जैकेट थी, लेकिन शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं दिखे। परिजनों का यह भी दावा है कि मृतक के पैरों में धूल तक नहीं लगी थी। इन परिस्थितियों के आधार पर उन्हें आशंका है कि शव को किसी दूसरी जगह से लाकर यहां रखा गया है।
परिजनों के अनुसार, मृतक के बेटे के एक दोस्त के माध्यम से उन्हें शव मिलने की जानकारी मिली। सूचना पर वे घटनास्थल पहुंचे और संबंधित महिला के वहां आने तथा घटना की पूरी जानकारी सामने आने तक शव नहीं उठाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुजुर्ग की मौत के वास्तविक कारण और हत्या की आशंका की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
