रांची

रांची कॉलेज ग्राउंड में 10वीं झारखंड स्टेट वुडबॉल चैंपियनशिप संपन्न, प्रिया और कुलपति महतो बने विजेता

बालक एवं बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, चयनित खिलाड़ी 19 से 23 नवंबर तक चंडीगढ़ में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में लेंगे हिस्सा

रांची: झारखंड राज्य वुडबॉल संघ की ओर से रांची कॉलेज ग्राउंड में 10वीं झारखंड स्टेट वुडबॉल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से आए बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आशुतोष द्विवेदी और गोविंद झा ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी और झारखंड राज्य वुडबॉल संघ के सचिव गोविंद झा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

बालिका वर्ग में प्रिया ने हासिल किया पहला स्थान

बालिका वर्ग में प्रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। सरोज दूसरे और सुजिता उरांव तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, साबनब बरैक ने चौथा, आरोही कुमारी ने पांचवां और अनामिका कुमारी ने छठा स्थान प्राप्त किया।

बालक वर्ग में कुलपति महतो रहे अव्वल

बालक वर्ग में कुलपति महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। मयंक सिंह दूसरे और आलोक तिर्की तीसरे स्थान पर रहे। मंजीत उरांव ने चौथा, बंटी टोप्पो ने पांचवां और सत्येन्द्र कुमार ने छठा स्थान प्राप्त किया।

चंडीगढ़ राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेलेंगे झारखंड के खिलाड़ी

प्रतियोगिता के प्रदर्शन और परिणामों के आधार पर जल्द ही झारखंड राज्य वुडबॉल टीम का आधिकारिक चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 19 से 23 नवंबर 2026 तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली सीनियर राष्ट्रीय वुडबॉल चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

झारखंड राज्य वुडबॉल संघ ने खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि राज्य के खिलाड़ी चंडीगढ़ में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

कई खेल प्रेमी रहे मौजूद

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में देवपूजन ठाकुर, सरवर अंसारी, बंटी टोप्पो, मणिपाल महतो, अंश कुमार, मयंक कुमार सहित कई खेल प्रेमियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की जानकारी अमन ने दी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *