शहीद सैनिकों के परिजनों के बीच पहुंचे पूर्व सैनिक, मिठाई और अंगवस्त्र भेंट कर मनाई दीपावली
जमशेदपुर में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की पहल, शहीदों के परिवारों से मिलकर जाना हालचाल और हर परिस्थिति में साथ देने का भरोसा दिलाया
पूर्वी सिंहभूम, 08 नवंबर। दीपावली के पावन अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर के सदस्यों ने शहीद सैनिकों के परिजनों के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं। पूर्व सैनिकों ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उन्हें मिठाई और अंगवस्त्र भेंट किए तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
परिषद के प्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले शहीद सैनिकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान शहीदों की माताओं, वीर नारियों और बच्चों से बातचीत कर उनके सुख-दुख को साझा किया और हर परिस्थिति में परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
इसी क्रम में परिषद के प्रतिनिधि आदित्यपुर स्थित शहीद मनोज कुमार के आवास पहुंचे। यहां शहीद की पत्नी सुनीता शर्मा, बच्चों और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया गया।
इसके अलावा परिषद के सदस्य शहीद किशन दुबे की पत्नी जगमाया देवी के कीताडीह स्थित आवास और शहीद जितेंद्र कुमार की पत्नी दुर्गावती देवी के बागबेड़ा स्थित आवास पहुंचे। वहीं, शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद मनोरंजन कुमार के पिता नायब सूबेदार नवीन कुमार के बालीगुमा स्थित आवास पर भी जाकर परिवार के सदस्यों को मिठाई भेंट की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
शहीद परिवारों के साथ खड़े रहने का संकल्प
परिषद के प्रतिनिधियों ने कहा कि दीपावली के अवसर पर शहीद परिवारों के बीच पहुंचना महज औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह उनके बलिदान के प्रति सम्मान और देश के लिए उनकी सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है। शहीदों की स्मृतियों और उनके परिवारों की गरिमा को हमेशा सम्मान दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धनाथ सिंह, वरिष्ठ सदस्य एसके सिंह, अवधेश कुमार, कुंदन सिंह, वरुण कुमार, मनोज सिंह, संजय सिंह और शैलेश सिंह सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित थे।
