खूंटी

रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिखेरे रचनात्मकता के रंग

खूंटी , 07 नवंबर । महात्मा एनडी. ग्रोवर डीएवी पब्लिक स्कूल, तोरपा में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से लेकर १० वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों एवं आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता को तीन समूहों में बांटा गया था। समूह ए में कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों के लिए फूल एवं पक्षी, समूह बी में कक्षा तीन से छह तक के विद्यार्थियों के लिए सामाजिक और पर्यावरण जागरूकता तथा समूह सी में कक्षा सात से १० तक के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय गौरव एवं संस्कृति विषय निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने अपनी रंगोलियों के माध्यम से प्रकृति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति के विविध रंगों को खूबसूरती से उकेरा।

प्रतियोगिता के निर्णायक मौसम विज्ञानी डॉ. राजन चौधरी और वास्तुकार प्रीतम लाल महतो थे। उन्होंने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया।

समूह ए में कक्षा 2 बी ने प्रथम, 2 ए ने द्वितीय और 1 ए ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह बी में कक्षा 3 प्रथम, कक्षा 5 द्वितीय और कक्षा 4 तृतीय स्थान पर रही। वहीं, समूह सी में कक्षा 8 ने प्रथम, कक्षा 10 ने द्वितीय और कक्षा 9 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के प्राचार्य ज्ञान हंस ओझा ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, टीम भावना, आत्मविश्वास और कलात्मक प्रतिभा का विकास होता है। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

मौके पर विद्यालय के सचिव बलराम यादव, उप प्रधानाध्यापिका ऊषा हंस ओझा, अनंत कुमार नंद, नीलम कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *