पलामू-गढ़वा में अधूरे फोरलेन निर्माण कार्य शीघ्र पूरे करने का सांसद ने दिया निर्देश
पलामू, 07 नवंबर । झारखंड के पलामू-गढ़वा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के अधूरे फोरलेन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने शनिवार को मेदिनीनगर स्थित अपने शांतिपुरी आवास पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक कुमार चित्रांश के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे फोरलेन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद ने विशेष रूप से सतबरवा बाईपास, पोलपोल बाईपास, डालटनगंज, रमना, नगर उंटारी, छतरपुर और हरिहरगंज बाईपास सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में पुरानी एवं जर्जर सड़कों (ओल्ड रोड) के निर्माण और मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, जिससे कि आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुगम एवं सुरक्षित बन सके।
सांसद ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत संरचना का विकास तथा आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है, जिससे कि सभी लंबित परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी हो सकें।
इस संबंध में शनिवार दोपहर 12 बजे जानकारी दी गई।
