Jharkhand Foundation Day: स्थापना दिवस और बिरसा जयंती की तैयारियां तेज, डीसी ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
West Singhbhum News: 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर पश्चिमी सिंहभूम में होंगे विशेष कार्यक्रम। डीसी मनीष कुमार ने बैठक कर साफ-सफाई, सजावट, प्रतिमा सौंदर्यीकरण, रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान आयोजित करने के दिए निर्देश।
पश्चिमी सिंहभूम: झारखंड स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। 15 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सरकारी भवनों में होगी आकर्षक सजावट
बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, समाहरणालय परिसर और अन्य सरकारी भवनों में विशेष साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर सरकारी भवनों को आकर्षक तरीके से सजाया जाए, ताकि पूरे जिले में उत्सव और गौरव का माहौल दिखाई दे।
डीसी ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं का होगा सौंदर्यीकरण
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को लेकर उनकी प्रतिमाओं और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान झारखंड की पहचान, स्वाभिमान और जनजातीय गौरव का प्रतीक है। इसलिए उनकी जयंती के अवसर पर सभी संबंधित स्थलों को बेहतर तरीके से तैयार किया जाना चाहिए।
रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान का होगा आयोजन
बैठक में सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्थापना दिवस और बिरसा जयंती के अवसर पर स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाया जा सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और कार्यक्रमों की तैयारियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन का लक्ष्य 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का आयोजन गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।
