कोडरमा

Koderma News: कोचिंग जाने निकलीं दो नाबालिग चचेरी बहनें लापता, परिजनों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

Jharkhand News: तिलैया बस्ती की रहने वाली 15 और 14 वर्षीय दोनों छात्राएं गुरुवार दोपहर घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस से लगाई तलाश की गुहार।

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में दो नाबालिग चचेरी बहनों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। तिलैया थाना क्षेत्र के तिलैया बस्ती की रहने वाली दोनों छात्राएं गुरुवार, 5 नवंबर को कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने तिलैया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद से दोनों परिवारों में चिंता का माहौल है।

15 और 14 साल की हैं दोनों छात्राएं

लापता छात्राओं में एक मनोज साव की 15 वर्षीय बेटी है, जबकि दूसरी उनके भाई रवि साव की 14 वर्षीय पुत्री है। परिजनों के मुताबिक, दोनों गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे रोजाना की तरह कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थीं।

जब निर्धारित समय तक दोनों घर नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। सबसे पहले कोचिंग सेंटर में जानकारी ली गई। इसके बाद आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार परिजन तिलैया थाना पहुंचे और पुलिस से दोनों छात्राओं को जल्द खोजने की गुहार लगाई।

स्कूल में हुए प्रदर्शन से भी जुड़ रही चर्चा

इस मामले में एक अन्य पहलू भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि लापता छात्राओं में से एक सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह के निलंबन के विरोध में छात्राओं की ओर से किए गए प्रदर्शन में उसके शामिल होने की भी चर्चा है।

हालांकि, स्कूल में हुए प्रदर्शन और दोनों छात्राओं के लापता होने के बीच किसी तरह के संबंध की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इस पहलू को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

पुलिस ने शुरू की दोनों छात्राओं की तलाश

परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों नाबालिग छात्राओं की तलाश में जुटी है। उनके अचानक लापता होने के संभावित कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।

परिजनों ने पुलिस से दोनों छात्राओं को जल्द सुरक्षित बरामद करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *