पलामू में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते होमगार्ड कार्यालय का मुंशी गिरफ्तार
पलामू: झारखंड के पलामू जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कार्यालय के एक मुंशी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मुंशी एक होमगार्ड जवान को ड्यूटी का कमान देने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। गुरुवार, 5 नवंबर को एसीबी की धावादल ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया।
ड्यूटी का कमान देने के लिए मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, पलामू के एक होमगार्ड जवान ने ड्यूटी का कमान लेने के लिए होमगार्ड कार्यालय में संपर्क किया था। आरोप है कि कार्यालय के मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर और तुलसी ने कमान देने के बदले उससे 10 हजार रुपये की मांग की।
बताया गया कि जवान ने जब इस मामले में संबंधित अधिकारी से बात की, तो उन्होंने भी चार महीने में एक लाख 20 हजार रुपये मिलने का हवाला देते हुए 10 हजार रुपये देने में परेशानी नहीं होने की बात कही। हालांकि, जवान ने रिश्वत देकर काम कराने से इनकार कर दिया।
जवान ने एसीबी से की लिखित शिकायत
रिश्वत की मांग से परेशान जवान ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर द्वारा ड्यूटी का कमान देने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई।
इसके बाद एसीबी पलामू थाना कांड संख्या 06/2026, दिनांक 4 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।
दंडाधिकारी और गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद एसीबी ने आरोपित को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। गुरुवार को दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एसीबी की धावादल ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए मुंशी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।
