खूंटी

Birsa Munda Birth Anniversary: उलिहातू में 15 नवंबर को होगा राजकीय बिरसा महोत्सव, डीसी ने तैयारियों का लिया जायजा

खूंटी, 2 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले राजकीय बिरसा महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने अड़की प्रखंड स्थित उलिहातू पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया।

दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त ने सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।

बिरसा ओड़ा और संग्रहालय के कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिरसा ओड़ा के जीर्णोद्धार, बंबू कॉटेज निर्माण, निर्माणाधीन संग्रहालय, लाइब्रेरी के व्यवस्थित संचालन सहित बिरसा ओड़ा और बिरसा कॉम्प्लेक्स में चल रहे साज-सज्जा के कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने निर्माणाधीन संग्रहालय का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति तथा वहां विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। संग्रहालय में ओपन थियेटर सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।

उपायुक्त ने कहा कि संग्रहालय के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक विरासत को प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया जाना है। इसके लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर जोर

उपायुक्त ने परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के कार्यों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उलिहातू आने वाले अतिथियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

एजेंसी ने पेश की महोत्सव की रूपरेखा

महोत्सव के आयोजन के लिए चयनित एजेंसी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसमें मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, साज-सज्जा और अन्य आवश्यक इंतजामों की जानकारी दी गई।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने का निर्देश दिया।

हेलिपैड और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा

उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं आवागमन की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हेलिपैड निर्माण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *