रामगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में होगी सघन जांच
रामगढ़, 29 अक्टूबर। जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से बचाने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक हुई। बैठक में एसपी मुकेश कुमार लुनायत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में चल रहे नशामुक्ति अभियान की समीक्षा की गई और नशीले पदार्थों की बिक्री व सेवन पर रोक लगाने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।
स्कूलों के आसपास 100 मीटर तक होगी जांच
डीसी ने जिले के सभी विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाने को कहा।
जांच के दौरान यदि कोई दुकानदार नशीले पदार्थों की बिक्री करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य स्कूलों के आसपास के माहौल को सुरक्षित रखना और विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त से दूर रखना है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई
बैठक में डीसी ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा सदर अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति केंद्र का जल्द उद्घाटन कराने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया।
नवंबर में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के लिए नवंबर महीने में एक सप्ताह तक व्यापक नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्तर से लोगों और खासकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
डीसी ने सभी संबंधित विभागों को अभियान के लिए रोस्टर तैयार करने और अपनी जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम संचालित करने का निर्देश दिया।
दवा दुकानों की भी होगी सघन जांच
बैठक में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए दवा दुकानों की योजनाबद्ध तरीके से जांच करने पर जोर दिया गया। डीसी ने ऐसी दवाओं की बिक्री और उनके स्टॉक पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
संबंधित अधिकारियों को जांच की रिपोर्ट नियमित रूप से जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।
सार्वजनिक जगहों पर रात में निगरानी बढ़ेगी
जिले के सार्वजनिक स्थलों पर रात के समय नशा करने वाले असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए भी प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके लिए नियमित गश्त के साथ सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन का जोर नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता और नशामुक्ति की सुविधाओं को मजबूत करने पर भी है।
