पूर्वी सिहंभूमि

जमशेदपुर में अवैध हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

आपराधिक वारदात की योजना बनाने की सूचना पर कदमा पुलिस ने की छापेमारी- एक आरोपित का पूर्व में भी रहा है आपराधिक इतिहास

पूर्वी सिंहभूम, 28 अक्टूबर । जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाने की गुप्त सूचना पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और सफेद रंग का एक आईफोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समीर नाग उर्फ आदित्य नाग (20) और शुभम कुम्हार (19) के रूप में हुई है।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित मीणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 27 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि समीर नाग अपने एक साथी के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। उसके पास अवैध हथियार होने की भी जानकारी मिली थी।

सूचना के आधार पर कदमा थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने रामजनमनगर स्थित समीर नाग के आवास पर छापेमारी की। इस दौरान कमरे में समीर नाग और शुभम कुम्हार एक साथ बैठे मिले। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली।

सिटी एसपी ने बताया कि तलाशी के दौरान समीर नाग की जेब से सफेद रंग का आईफोन बरामद हुआ। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घर के रसोईघर में बर्तनों के बीच छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वहीं, शुभम कुम्हार की जेब से भी एक जिंदा कारतूस मिला।

पुलिस के अनुसार, समीर नाग उर्फ आदित्य नाग का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 15 जुलाई 2023 को कदमा थाने में एक मामला दर्ज किया गया था।

सिटी एसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की गई है। बरामद हथियार के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है। दोनों आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *