Jharkhand News: 22 नवंबर को सादगी से मनेगा झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस, सम्मान समारोह रहेगा पूर्ववत
रांची: झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह इस वर्ष 22 नवंबर को सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा। हालांकि, इस अवसर पर होने वाला सम्मान समारोह पहले की तरह ही आयोजित होगा। स्थापना दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रम विधानसभा के सेंट्रल हॉल में संपन्न होंगे। बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने तैयारियों की समीक्षा की
झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आयोजन की तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों के साथ समारोह को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर भी चर्चा हुई।
राजनीतिक हस्तियों के निधन के कारण सादगी से होगा आयोजन
बैठक में हाल के दिनों में झारखंड के राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के निधन और शोक की स्थिति पर विचार किया गया। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह को सादगीपूर्ण तरीके से मनाने पर सहमति बनी।
इसके साथ ही 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित विधानसभा के विशेष सत्र को ध्यान में रखते हुए स्थापना दिवस समारोह के स्वरूप और कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
सम्मान समारोह पहले की तरह होगा आयोजित
स्थापना दिवस समारोह सादगी से आयोजित किए जाने के बावजूद सम्मान समारोह के कार्यक्रम में बदलाव नहीं किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मान समारोह पूर्व की भांति आयोजित होगा। सम्मान समारोह समेत स्थापना दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रम विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होंगे।
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित इस बैठक में विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार के अलावा एस. वजीह बंटी, कुन्दन कुमार सिंह, गुरूचरण सिंकु, संजीत कुमार, अनुप लाल, किरण सुमन बाखला, रवि शंकर प्रसाद, विष्णु पासवान और राव दिपेन्द्र कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
