खेलरांची

41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप: झारखंड की बालिका 4×400 मीटर रिले टीम ने जीता कांस्य

रांची। चेन्नई में आयोजित 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड की बालिका एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-20 बालिका 4×400 मीटर रिले में झारखंड की टीम ने 3 मिनट 54.43 सेकेंड का समय दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया।

झारखंड की ओर से अनामिका उरांव, चिंतामणि टूंटी, शिवानी कुमारी और पूनम कुमारी की चौकड़ी ने यह उपलब्धि हासिल की। इस स्पर्धा में तमिलनाडु ने स्वर्ण और महाराष्ट्र ने रजत पदक जीता।

कई अन्य झारखंड एथलीटों ने भी किया बेहतर प्रदर्शन

चैंपियनशिप में झारखंड के कई अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-20 बालिका वर्ग की 400 मीटर हर्डल्स में शिवानी कुमारी चौथे स्थान पर रहीं।

वहीं अंडर-18 बालक वर्ग की ऊंची कूद में हिमांशु सिंह पांचवें, अंडर-20 बालिका जैवलिन थ्रो में सविता मुर्मू छठे, अंडर-20 बालक 200 मीटर में साकेत मिंज सातवें स्थान पर रहे।

अंडर-16 बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में सुभाष उरांव ने सातवां स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-18 बालिका वर्ग में ममता मेरी मुर्मू आठवें स्थान पर रहीं।

झारखंड एथलेटिक्स संघ ने दी खिलाड़ियों को बधाई

झारखंड की रिले टीम की इस उपलब्धि पर राज्य के खेल पदाधिकारियों, एथलेटिक्स संघ के अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। संघ ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

खिलाड़ियों को सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वित्त समिति के चेयरमैन डॉ. मधुकांत, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे समेत संघ के अन्य पदाधिकारियों और खेल अधिकारियों ने बधाई दी।

इस अवसर पर रवींद्र मुर्मू, आशीष झा, प्रभाकर वर्मा, डीएसओ उमेश लोहरा, सिकंदर महतो, रणवीर सिंह, आलोक मिश्रा, अजय नायक, बंधन टोप्पो, शैलेश कुमार, गिरीश मिश्रा, अनवर हुसैन, प्रभात रंजन तिवारी, गंगाधर प्रसाद, अजीत कुमार, राकेश सिंह, माधव चंद्र घोष, आशु भाटिया, अरविंद कुमार, आलोक सिंह, अनुभा खाखा, पुनीत कुमार, शशांक भूषण सिंह सहित अन्य लोगों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

टीम के साथ कोच योगेश यादव और टीम मैनेजर राघवेंद्र कुमार समेत अन्य सहयोगी सदस्य मौजूद रहे। झारखंड एथलेटिक्स संघ ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *