पूर्वी सिहंभूमि

गोलमुरी में गिटार के आकार में बनेगा काली पूजा का भव्य पंडाल, मातृशक्ति के हाथों होगा उद्घाटन

गोलमुरी के जॉगर्स पार्क में नव युवक चेतना मंच ने शुरू की काली पूजा की तैयारियां- वृद्धाश्रम की माताएं और समिति सदस्यों के परिवारों की महिलाएं करेंगी पंडाल का उद्घाटन

पूर्वी सिंहभूम, 25 अक्टूबर । जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित जॉगर्स पार्क में श्री श्री काली पूजा समिति नव युवक चेतना मंच की ओर से काली पूजा के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा पंडाल का भूमि पूजन किया गया। इस वर्ष गिटार के आकर्षक स्वरूप में तैयार होने वाला पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। भव्य साज-सज्जा, मां काली की मनमोहक प्रतिमा और दो दिनों तक महाप्रसाद वितरण आयोजन की प्रमुख विशेषताएं होंगी।

भूमि पूजन के अवसर पर पंडित राकेश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर मां काली से आयोजन की सफलता की कामना की। गोलमुरी मंडल भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने भी पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया। इस दौरान समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

समिति के संस्थापक मंटू तिवारी ने बताया कि नव युवक चेतना मंच प्रत्येक वर्ष धार्मिक आस्था, श्रद्धा और कलात्मकता के संगम के साथ काली पूजा का आयोजन करता है। इस बार श्रद्धालुओं को कुछ अलग अनुभव देने के उद्देश्य से गिटार के आकार में पूजा पंडाल तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंडाल की आकर्षक सजावट के साथ मां काली की विशेष प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए समिति के सदस्य तैयारियों में जुट गए हैं।

समिति के मुख्य संयोजक शिव शंकर सिंह ने बताया कि इस वर्ष पंडाल के उद्घाटन समारोह को मातृशक्ति के सम्मान और सेवा भावना से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। पूजा समिति के सदस्यों के परिवारों की महिलाओं और वृद्धाश्रम की माताओं को विशेष सम्मान देते हुए उनके हाथों पंडाल का उद्घाटन कराया जाएगा। इस अवसर पर सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार दो दिनों तक महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में सेवा, समरसता और महिलाओं के प्रति सम्मान का संदेश देना है। समिति ने शहरवासियों से सपरिवार पहुंचकर मां काली के दर्शन करने और पूजा में सहभागी बनने की अपील की है।

भूमि पूजन के अवसर पर चंद्रकेत सिंह, उमेश प्रसाद, मनीष मिश्रा, दिलीप केशरी, शंभू सिंह, आनंद मिश्रा, बिनोद सिंह, अरुण शुक्ला, अप्पू तिवारी, धर्मेंद्र पांडेय, राजेश कुमार, मिथिलेश कुमार, दिलीप प्रमाणिक, मुकेश सिंह, अनिल चौरसिया, नीरज मिश्रा, सुनील सिंह यादव, अमरेंद्र प्रताप सिंह, बिनोद कुमार, राजीव श्रीवास्तव और अशोक राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *