पूर्वी सिहंभूमि

जमशेदपुर: विसर्जन में आतिशबाजी को लेकर भिड़े पूजा कमेटी के दो गुट, दो युवक घायल; डेढ़ घंटे जाम रहा करनडीह मार्ग

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान आतिशबाजी को लेकर पूजा कमेटी के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। बुधवार रात हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के एक-एक युवक के घायल होने की सूचना है। विरोध में लोगों ने परसुडीह थाना के मुख्य गेट के सामने दुर्गा प्रतिमा रखकर करनडीह मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमले का आरोप

हलुदबनी के चित्तरंजन लेन निवासी 52 वर्षीय नरेन नंदी ने गुरुवार को परसुडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार शाम करीब छह बजे प्रतिमा विसर्जन के दौरान मानिक मल्लिक, रघु मल्लिक और शुभम झा ने धारदार हथियार तथा लाठी-डंडों से उन पर हमला किया। इस दौरान उनके सिर में चोट लगी।

घायल नरेन नंदी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर पर तीन टांके लगाए गए। वहीं, दूसरे पक्ष के एक युवक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन मिले हैं।

थाना गेट पर प्रतिमा रखकर किया प्रदर्शन, सड़क पर लगी वाहनों की कतार

मारपीट से नाराज पूजा कमेटी के सदस्यों ने परसुडीह थाना के मुख्य गेट के सामने दुर्गा प्रतिमा रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से करनडीह मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन में पूर्व जिला परिषद सदस्य सुदीप्तो डे राणा भी मौजूद थे। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मानिक मल्लिक और उनके बेटे के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने थाना गेट के सामने से प्रतिमा हटाने के तरीके पर भी आपत्ति जताई।

पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, बातचीत के बाद हटा जाम

घटना की सूचना मिलने पर लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी अमित कुमार और ट्रैफिक प्रभारी अजय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। समझाने-बुझाने के बाद प्रतिमा को थाना गेट के सामने से हटाकर विसर्जन के लिए रवाना किया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाकर घटना के संबंध में जानकारी ली गई।

सुदीप्तो डे राणा को हिरासत में लेने पर थाने पहुंचे भाजपा नेता

इधर, शिकायत दर्ज कराने पहुंचे सुदीप्तो डे राणा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंचे तथा विरोध जताया। इसके बाद सुदीप्तो डे राणा को छोड़ दिया गया।

दोनों पक्षों के आवेदन पर जांच कर रही पुलिस

परसुडीह पुलिस के अनुसार, पूजा कमेटी के दो गुटों के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुए हैं और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *