पलामू

Palamu News: दशहरा की खुशियां मातम में बदलीं, पलामू में अलग-अलग हादसों में चार की मौत

पलामू, 20 अक्टूबर। झारखंड के पलामू जिले में दशहरा की खुशियां मातम में बदल गईं। पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन लोगों की जान डूबने से गई, जबकि एक युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

हुसैनाबाद में कुएं और डैम में डूबने से दो की मौत

हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में पतरा कला गांव निवासी स्वर्गीय रामानंदन पासवान के पुत्र अंबेडकर कुमार पासवान (35) की कुएं में डूबने से मौत हो गई। वह रविवार को खेत में सब्जियों के पौधों की सिंचाई करने गए थे, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी।

सोमवार शाम गांव की एक महिला ने कुएं में शव देखा। सूचना मिलने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि सिंचाई के लिए कुएं से पानी निकालते समय पैर फिसलने से वह उसमें गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

दूसरी घटना में बेल बिगहा पंचायत के नावाडीह गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की ठेंगो गांव के समीप कररबार नदी के डैम में डूबने से मौत हो गई। सोमवार शाम हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।

पाटन में तालाब में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत

पाटन थाना क्षेत्र के केल्हार गांव निवासी आशीष ठाकुर (22) की शिव नदी मंदिर के पास स्थित तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है।

मेदिनीनगर-पड़वा मार्ग पर बाइक और पिकअप की टक्कर

मंगलवार को मेदिनीनगर-पड़वा मुख्य मार्ग पर गाड़ी गांव के समीप बाइक और सब्जी लदे पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार जाउल हक (22) की मौत हो गई, जबकि उनके 12 वर्षीय सगे भाई अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों भाई बाइक से छतरपुर से मेदिनीनगर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे सब्जी लदे पिकअप वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना पड़वा थाना पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जाउल हक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अंसारी का इलाज जारी है।

पिकअप चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और सब्जी लदे पिकअप को जब्त कर लिया है। पुलिस चालक और वाहन मालिक का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद जाउल हक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *