Jamtara News: दुर्गा पूजा को लेकर जामताड़ा में हाई अलर्ट, 160 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात
Jamtara: दुर्गा पूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जामताड़ा जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 160 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और सशस्त्र व लाठी बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा विशेष निगरानी के लिए नौ बाइक पेट्रोलिंग दस्ते और सात क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की गई हैं।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने संयुक्त आदेश जारी कर अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने पूजा पंडालों, मेला स्थलों, विसर्जन मार्गों और जलाशयों पर विशेष निगरानी रखने की तैयारी की है।
160 स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती
प्रशासन के संयुक्त आदेश के अनुसार, 17 से 21 अक्टूबर तक निर्धारित स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे। शाम पांच बजे से रात दस बजे तक पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी, क्योंकि इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है।
विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस अधिकारी और जवान साथ रहेंगे। जुलूस को निर्धारित मार्ग से निकालने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और अनावश्यक प्रतिस्पर्धा रोकने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार वीडियोग्राफी, सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
दुर्गा पूजा के दौरान सोशल मीडिया पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। व्हाट्सऐप, फेसबुक, एक्स और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धार्मिक या सामुदायिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट, भड़काऊ तस्वीरें और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस को अफवाहों पर तत्काल संज्ञान लेने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। छेड़छाड़, चेन छिनतई और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए भी पुलिस बल को सतर्क रहने को कहा गया है।
विसर्जन जुलूस में डीजे पर प्रतिबंध
प्रशासन ने विसर्जन जुलूस में डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया है। लाउडस्पीकर पर भड़काऊ या आपत्तिजनक गाने बजाने और निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। डीजे संचालकों से शपथ पत्र लेने का भी निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने पूजा समितियों और आयोजकों से नियमों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण तरीके से धार्मिक आयोजन संपन्न कराने की अपील की है।
मिहिजाम में शाम को बड़े वाहनों की नो-एंट्री
दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए मिहिजाम की मुख्य सड़क पर 17 से 21 अक्टूबर तक शाम 5:30 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
जामताड़ा, मिहिजाम और करमाटांड़ के बाजार क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण और पार्किंग की व्यवस्था संबंधित थाना प्रभारी सुनिश्चित करेंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य नशे में वाहन चलाने और अवैध वाहनों के परिचालन पर रोक लगाना है।
मेडिकल टीम, एंबुलेंस और दमकल विभाग अलर्ट
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को जामताड़ा और मिहिजाम में एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। सदर अस्पताल और प्रखंडों के स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है।
वहीं, अग्निशमन विभाग को जामताड़ा मुख्यालय और नाला थाना क्षेत्र में पानी से भरे दमकल वाहन तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। विद्युत विभाग पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों के आसपास बिजली के तारों की जांच कर आवश्यक सुधार करेगा।
24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
प्रशासन के अनुसार, 17 से 21 अक्टूबर तक जामताड़ा अनुमंडल कार्यालय में जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। किसी आपात स्थिति, दुर्घटना या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना के लिए नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- जिला नियंत्रण कक्ष: 9470591069
- आपातकालीन सहायता: 112
जिले की सुरक्षा व्यवस्था का वरीय प्रभार उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) नीलम कुजूर को सौंपा गया है।
प्रशासन ने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
