Home

विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो से मिला श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट का प्रतिनिधिमंडल

मंदिर और सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में संचालित सेवा कार्यों की दी जानकारी, आने का दिया आमंत्रण

रांची। एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, रांची के प्रतिनिधिमंडल ने ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर विधानसभा अध्यक्ष का सम्मान एवं अभिनंदन किया।

मुलाकात के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां पूजा-अर्चना, धार्मिक आयोजनों और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का कार्य किया जाता है।

प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर के ऊपरी तल पर संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में निराश्रित, दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों से भी विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया। पदाधिकारियों के अनुसार, आश्रम में असहाय लोगों को भोजन, देखभाल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है, ताकि उन्हें सम्मानजनक जीवन मिल सके।

ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि आश्रम में संचालित सेवा गतिविधियां मानवता, करुणा और परोपकार की भावना पर आधारित हैं। जरूरतमंद लोगों की सेवा और देखभाल के माध्यम से समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो को श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर और सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में पधारने का सादर आमंत्रण दिया। ट्रस्ट के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए भविष्य में मंदिर और आश्रम आने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ, अरविंद अग्रवाल, दीपेश निराला, पवन पोद्दार और उमाशंकर सिंह शामिल थे। यह जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *