खूंटी

नशीली दवाओं की खेप के साथ आरोपित गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त

खूंटी, 04 अक्टूबर । पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी।

उन्होंने बताया गया कि गिरफ्तार आरोपित घूम-घूमकर नशीली दवाओं की बिक्री करता था। एसपी ने बताया कि उन्हें मिली सूचना के आधार पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने शनिवार को खूंटी नया बस स्टैंड, नामकोम के एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की। इसी दौरान रांची की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही बाइक सवार वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए तजना होटल के पास कच्ची सड़क से उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपित की पहचान अब्दुल कुद्दुस कासिफ (59) के रूप में हुई। वह मूल रूप से जमशेदपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र के जाकिर नगर ईस्ट का रहने वाला है और वर्तमान में रांची के डोरंडा स्थित पारस टोली में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से ओनेरेक्स सिरप की 120 बोतल (100 एमएल), नित्राराज़पम टेबलेट्स (न्यूट्रॉसन -10) की 140 टैबलेट एवं अल्पराज़ोलेम टेबलेट्स (ओमस अल्फा 0.5) की 895 टैबलेट बरामद की गयीं। इसके अलावा बाइक और पोको कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर एनडीपीएस थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों की निशानदेही पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, एनडीपीएस थाना प्रभारी मणी दीप, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, रामदेव यादव सहित एनडीपीएस थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *