खेलो झारखंड 2026-27 का भव्य शुभारंभ, 24 जिलों के 1700 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
रांची, 3 अक्टूबर। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 का शनिवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद शशि रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।
प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों से अंडर-17 आयुवर्ग के करीब 1100 एथलीट और 600 हॉकी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने कांके स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बैंड टीम की अगुवाई में मार्च पास्ट किया। राष्ट्रीय खिलाड़ी अनित उरांव ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई।
खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान दें : शशि रंजन
मुख्य अतिथि शशि रंजन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देना जरूरी है। खेल शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूत करता है, जबकि शिक्षा भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। इसलिए खिलाड़ियों को खेल और पढ़ाई के बीच बेहतर संतुलन बनाकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास जरूरी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए विभाग और राज्य सरकार की ओर से प्रशिक्षण, खेल सामग्री और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रतिभाओं को मंच देने का माध्यम है खेलो झारखंड
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने स्वागत भाषण में कहा कि खेलो झारखंड केवल एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि राज्य के विद्यालयों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें अवसर देने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर झारखंड की प्रतिभाएं देश और दुनिया में अपनी पहचान बना सकती हैं।
उद्घाटन दिवस पर एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने जीते पदक
उद्घाटन दिवस पर अंडर-17 आयुवर्ग की 100 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में पृथ्वी उरांव ने प्रथम, माही कुमारी ने द्वितीय और दिव्या कुमारी गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बालक वर्ग में अनित उरांव ने प्रथम, श्रवण सिंह ने द्वितीय और आकाश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
हॉकी में सेमीफाइनल मुकाबले
अंडर-17 हॉकी के बालक वर्ग में खूंटी, गुमला, सिमडेगा और हजारीबाग की टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। वहीं बालिका वर्ग के मुकाबले जारी रहे।
उद्घाटन समारोह में झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष चन्द्रदेव सिंह, महासचिव शिव कुमार पाण्डेय, हॉकी झारखंड के महानिदेशक विजय शंकर सिंह, पुष्पा हस्सा, श्रीकांत पुरवार और रजनीश कुमार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
सभी अतिथियों को राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और हरियाली के प्रतीक पौधे भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन चन्द्रदेव सिंह ने किया।
