झारखंड

गांधी और शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करें विद्यार्थी : सकलदीप

खूंटी, 2 अक्टूबर (हि.स.)। मुरहू स्थित श्योर सक्सेस कोचिंग सेंटर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक सकलदीप भगत ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर की।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सकलदीप भगत ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके विचारों और सिद्धांतों को आज भी पूरी दुनिया में सम्मान दिया जाता है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

सादगी और ईमानदारी के प्रतीक थे लाल बहादुर शास्त्री

सकलदीप भगत ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी अपनी सादगी और ईमानदारी के लिए प्रसिद्ध थे और उन्होंने देश का कुशल नेतृत्व किया। ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर उन्होंने देश के सैनिकों और किसानों का उत्साह बढ़ाया।

उन्होंने विद्यार्थियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। साथ ही कहा कि विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों और सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

कार्यक्रम में शिक्षिका रिया सहित कोचिंग सेंटर के सभी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *