पश्चिमी सिंहभूमि

बीमार पिता को अस्पताल ले जा रहे बेटे की सड़क हादसे में मौत, गाय को बचाने में हुआ हादसा

पश्चिमी सिंहभूम, 30 सितंबर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने बीमार पिता को बाइक से इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहा था। इसी दौरान सिमिरता गांव के पास सड़क पर अचानक गाय आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

मृतक की पहचान मुख्य रेंगालबेड़ा गांव निवासी सुजीत महतो के रूप में हुई है। हादसे में उसके पिता ललित महतो को मामूली चोटें आई हैं।

गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात ललित महतो की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उनकी हालत को देखते हुए उनका बेटा सुजीत उन्हें बाइक पर बैठाकर इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहा था।

रात करीब 12 बजे दोनों मनोहरपुर-धानापाली मुख्य मार्ग पर सिमिरता गांव के पास पहुंचे। इसी दौरान अचानक एक गाय बाइक के सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में सुजीत ने बाइक को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

हादसे में सुजीत के सिर में गंभीर चोट लगी। उसे मौके पर ही जान चली गई।

घायल पिता ने परिजनों को दी सूचना

हादसे के बाद घायल पिता ललित महतो ने किसी तरह फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और सुजीत को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया गया। युवक की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *