रांची

डीसीए की एजीएम में कई महत्वपूर्ण फैसले, रणजी खिलाड़ियों को मिलेगी मानद सदस्यता

स्वर्ण जयंती समारोह के आयोजन को भी मिली मंजूरी, काको मैदान में जल्द शुरू होंगे स्थानीय मैच

धनबाद। धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की मंगलवार को धनबाद क्लब में वार्षिक आम बैठक (एजीएम) हुई। बैठक में संघ की स्वर्ण जयंती समारोह के आयोजन, धनबाद का प्रतिनिधित्व करते हुए रणजी ट्रॉफी खेलने वाले क्रिकेटरों को मानद सदस्यता देने समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में करीब 160 सदस्यों ने भाग लिया। महासचिव विनय कुमार सिंह ने सभी सदस्यों का स्वागत किया।

अध्यक्ष मनोज कुमार ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए डीसीए की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछला सत्र संघ के लिए गौरवपूर्ण रहा। जेएससीए की तीन प्रतियोगिताओं में धनबाद की टीम विजेता रही। इसके अलावा कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर ने राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं, कोच, सपोर्ट स्टाफ और प्रबंध समिति के योगदान की सराहना की।

चार क्रिकेटरों को मिलेगा क्रिकेटर ऑफ द ईयर सम्मान

अध्यक्ष ने सत्र 2025-26 के लिए चुने गए क्रिकेटर ऑफ द ईयर के नामों की घोषणा की। सीनियर पुरुष वर्ग में कोनैन कुरैशी, महिला वर्ग में अनंदिता किशोर, जूनियर पुरुष वर्ग में सिद्धार्थ सिन्हा और महिला वर्ग में वृष्टि कुमारी को चुना गया है। सभी को 27 सितंबर को वेडिंग बेल्स में आयोजित वार्षिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

काको मैदान में शुरू होंगे स्थानीय मैच

पिछले वित्तीय वर्ष की ऑडिट रिपोर्ट पेश करते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि डीसीए का खर्च तुलनात्मक रूप से बढ़ा है, लेकिन संघ की आर्थिक स्थिति अब भी सरप्लस में है। उन्होंने कहा कि काको मैदान के निर्माण में जेएससीए से काफी सहयोग मिला है। डीसीए की योजना इस वर्ष से काको मैदान में स्थानीय मैचों का आयोजन शुरू करने की है।

उन्होंने बताया कि कतरास क्षेत्र में संघ का अपना कोई मैदान नहीं है। मैदान से संबंधित अंतिम कार्यों के लिए करीब तीन लाख रुपये की आवश्यकता होगी, जिसे सदस्यों ने मंजूरी दे दी। ऑडिटेड रिपोर्ट को भी सदन ने स्वीकार किया। वहीं श्याम पसारी को पुनः ऑडिटर नियुक्त करने पर सहमति बनी।

डीसीए होगा पेपरलेस

बैठक में डीसीए का एप विकसित किए जाने की जानकारी भी दी गई। अध्यक्ष ने बताया कि संघ धीरे-धीरे पेपरलेस व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। रजिस्ट्रेशन समेत अन्य प्रक्रियाओं को एप के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकेगा। साथ ही प्रबंध समिति की लगातार पांच बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले सदस्यों को निलंबित किए जाने का निर्णय लिया गया।

अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि जेएससीए की नई टीम के कार्यभार संभालने के बाद कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने 13 वर्ष बाद दलीप ट्रॉफी में पूर्व क्षेत्र के चैंपियन बनने पर खुशी जताई। इसके लिए डीसीए की ओर से जेएससीए को औपचारिक रूप से प्रशंसा पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।

बैठक को डॉ. इश्तियाक अहमद एवं इम्तियाज हुसैन ने भी संबोधित किया। मौके पर वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, एसएन सिंह, वाईएन नरूला, जेके नैयर, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, आशनी सिंह, अभिषेक सिंह, मनोज कुमार सिंह, रविजीत सिंह डांग, संजीव झा, शांतनु चौधरी, जावेद खान, संजीव राणा, द्वारिका तिवारी, राजन सिन्हा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *