पलामू

ससुराल आए दामाद की धारदार हथियार से हत्या

मकई के खेत से मिला शव, ससुर पर हत्या का आरोप; घटना के बाद से आरोपित फरार

पलामू, 20 सितंबर । पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र की चराई पंचायत के भिखही गांव में रविवार को एक व्यक्ति का शव घर के समीप मकई के खेत से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान बभन्डी गांव निवासी गांधी भुइयां के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार गांधी दोनों पैरों से दिव्यांग था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांधी अपनी बड़ी बेटी को लाने के लिए ससुराल गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने ससुर जगदेव भुइयां से विवाद हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के दौरान जगदेव भुइयां ने टांगी से गांधी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। इसके बाद शव को घर के समीप मकई के खेत में फेंक दिया गया।

बताया गया कि गांधी की पत्नी कुछ दिन पहले अपने दो बच्चों को लेकर कथित तौर पर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ बिहार चली गयी थी, जबकि बड़ी बेटी अपनी नानी के घर रह रही थी। बेटी को वापस लाने के लिए ही गांधी ससुराल पहुंचा था।

घटना के बाद से आरोपित ससुर जगदेव भुइयां फरार बताया जा रहा है। रविवार सुबह करीब आठ बजे खेत में शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है।

एमएमसीएच में रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *