रांची

योगेंद्र साव के बयान को लेकर बाबूलाल मरांडी का राहुल गांधी पर निशाना

रांची, 19 सितंबर । झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के राज्य सरकार को लेकर दिए गए बयान के बहाने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब योगेंद्र साव अपनी ही सरकार को महाभ्रष्ट बता रहे हैं, तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम जनमानस में सरकार की छवि कैसी होगी।

मरांडी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में राहुल गांधी से सवाल किया कि नियुक्तियों और नौकरी से जुड़े मामलों में सरकार की भूमिका को करीब से देखने के बावजूद आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि वह सरकार का समर्थन कर रहे हैं।

उन्होंने पत्थर, बालू, कोयला और लौह अयस्क के कथित अवैध खनन, टेंडर में कमीशनखोरी तथा स्थानांतरण-पदस्थापन (ट्रांसफर-पोस्टिंग) से जुड़ी कथित कमाई को लेकर भी सवाल उठाए। मरांडी ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या कथित काली कमाई में हिस्सेदारी के कारण वह धृतराष्ट्र की तरह आंखें बंद किए हुए हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को इन सभी सवालों का जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल योगेंद्र साव ये सवाल उठा रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में यही सवाल पूरा झारखंड राहुल गांधी से पूछेगा।

मरांडी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस के कई नेता भी इसी तरह की सोच रखते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ नेता मंत्री पद पर होने के कारण चुप हैं, जबकि कुछ लोग आर्थिक लाभ के कारण इन मुद्दों पर बोलने से बच रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली और उससे जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री की ओर से सरकार पर की गई टिप्पणी ने इन सवालों को और गंभीर बना दिया है। मरांडी ने कहा कि सरकार को इन आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *