जलापूर्ति और निर्माण योजनाओं में तेजी लाएं : उपायुक्त
यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक में कार्यों की समीक्षा, बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी के निर्देश
कोडरमा, संवाददाता। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में विद्युत, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
कार्य में लापरवाही पर नाराजगी
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जुडको द्वारा क्रियान्वित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने इनटेक वेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जलापूर्ति योजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के काम में भी तेजी लाने को कहा।
मेडिकल कॉलेज और पॉलिटेक्निक के निर्माण की समीक्षा
उपायुक्त ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, गोहाल तथा करमा मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही करमा मेडिकल कॉलेज में समुचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जुडको के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को जिले में निर्बाध और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याएं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जाए।
इसके अलावा बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर समाहर्ता संजय पी.एम. कूजूर, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, विद्युत विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तथा भवन निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता, जुडको के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
