Jharkhand U-16 Football Team: स्टार वॉरियर्स की 3 बेटियों का झारखंड U-16 टीम में चयन, आज बिहार से मुकाबला
रांची: कांके चरदी स्थित स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब की तीन होनहार खिलाड़ियों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। क्लब की राखी कुमारी, नैंसी मुंडा और आयुषी कुमारी का चयन झारखंड की U-16 फुटबॉल टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी इस समय झारखंड टीम के साथ आंध्र प्रदेश में हैं और शुक्रवार को होने वाले झारखंड बनाम बिहार मुकाबले में राज्य का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर झारखंड टीम तक पहुंचीं तीनों खिलाड़ी
राखी कुमारी और नैंसी मुंडा ऊलातू पंचायत के चरदी गांव की रहने वाली हैं। वहीं आयुषी कुमारी बोड़या पंचायत के संग्रामपुर गांव की निवासी हैं। तीनों खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद फुटबॉल में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
इन खिलाड़ियों की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि अभ्यास के लिए पर्याप्त मैदान की सुविधा नहीं होने के बावजूद उन्होंने खेतों में अभ्यास किया। लगातार मेहनत और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें झारखंड U-16 टीम तक पहुंचाया।
स्टार वॉरियर्स क्लब से लगातार राज्य टीम में पहुंच रहे खिलाड़ी
स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब से इससे पहले भी कई खिलाड़ी झारखंड टीम में चयनित होकर राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। क्लब का मानना है कि ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर देने की है।
तीनों खिलाड़ियों का चयन उन ग्रामीण बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित सुविधाओं के बावजूद खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं।
कोच अनवरुल हक ने दी बधाई
स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के कोच सह संस्थापक अनवरुल हक उर्फ बबलू ने राखी, नैंसी और आयुषी को चयन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्लब की बेटियां परिस्थितियों से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और हौसले से अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि मैदान की कमी हो सकती है, लेकिन खिलाड़ियों के सपनों की कोई सीमा नहीं है।
क्षेत्र के लोगों ने दी शुभकामनाएं
तीनों खिलाड़ियों के झारखंड U-16 टीम में चयन पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई और उन्हें शुभकामनाएं दीं। जगदीश सिंह ‘जग्गू’, रश्मि तिर्की, शाहनवाज कुरैशी, राणा मिश्रा, रामेंद्र कुमार, समेंदर कुमार, शकील अहमद, नुरूल हक, सुमित महतो और छोटू टोप्पो सहित कई लोगों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
