झारखंडरांची

सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, मरीजों से ली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी

आपातकालीन कक्ष में मरीजों की तत्काल जांच और समय पर वार्ड में स्थानांतरण का निर्देश

पश्चिमी सिंहभूम, संवाददाता। जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल ने गुरुवार देर रात औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य कर्मियों में भी सक्रियता देखने को मिली।

सहायक समाहर्ता ने अस्पताल के पुरुष एवं महिला वार्ड, प्रसव कक्ष, स्त्री एवं प्रसूति विभाग तथा आपातकालीन कक्ष समेत विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने मरीजों से भोजन की उपलब्धता एवं गुणवत्ता, नि:शुल्क दवाओं की व्यवस्था, चिकित्सकों के नियमित भ्रमण और इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा ड्यूटी के अनुसार चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की भी पड़ताल की।

आपातकालीन मरीजों की तत्काल जांच का निर्देश

आपातकालीन कक्ष के निरीक्षण के दौरान ईरा जोरवाल ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि आपात स्थिति में आने वाले मरीजों की तत्काल जांच कर उनकी गंभीरता का आकलन किया जाए। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को संबंधित वार्ड में समय पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि आपातकालीन कक्ष में गंभीर मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे।

उन्होंने कहा कि जिन मरीजों का उपचार पूरा हो चुका है और जिन्हें अस्पताल में भर्ती रखने की आवश्यकता नहीं है, उनकी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर समय पर छुट्टी दी जाए। इससे आपातकालीन कक्ष में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

सहायक समाहर्ता ने चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मरीजों का समय पर उपचार करने तथा उनके साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सदर अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *