रांची

नगर निगम ने त्योहारों से पूर्व स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश

रांची, 02 सितंबर । नगर निगम क्षेत्र में आगामी पर्व-त्योहारों और मॉनसून के मद्देनजर पथ बत्ती व्यवस्था को बेहतर एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए दो सितंबर 2026 को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में विद्युत शाखा की समीक्षात्मक बैठक हुई।

बैठक में खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मती, शिकायतों के त्वरित निष्पादन, नियमित पेट्रोलिंग और आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नई स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने संबंधित समीक्षा की गई।

बताया गया कि निगम के सभी 53 वार्डों में 28 टीमें सक्रिय हैं। ये टीमें नियमित पेट्रोलिंग कर खराब स्ट्रीट लाइट की पहचान, मरम्मती और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का समाधान कर रही हैं। अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में लंबे समय तक स्ट्रीट लाइट खराब नहीं रहनी चाहिए।

उन्होंने संबंधित एजेंसी मेसर्स तुलस्यान, लाइट इंस्पेक्टर, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता और सहायक नगर आयुक्त को व्यापक निरीक्षण का निर्देश दिया।

प्रत्येक माह कनेक्ट सेंटर के माध्यम से एक हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त होती हैं, जिनके 48 घंटे के भीतर निष्पादन का लक्ष्य है। बार-बार खराब होने वाली बत्तियों के मूल कारण की पहचान कर स्थायी समाधान करने का निर्देश भी दिया गया।

निगम ने नागरिकों से खराब स्ट्रीट लाइट की सूचना टोल फ्री नंबर 1800 570 1235 पर देने की अपील की है।

बैठक में सहायक नगर आयुक्त सूरज प्रकाश सिंह चौधरी, अभियंता एवं संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *