गिरिडीह

राधा स्वामी संगठन के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप, प्रदेश प्रभारी की पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

गिरिडीह, 02 सितंबर । राधा स्वामी संगठन के नाम पर गाड़ियों का फाइनेंस कराने का झांसा देकर हजारों लोगों से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। संगठन के प्रदेश प्रभारी मुकेश सिन्हा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी एवं संगठन की जिला प्रभारी अनिता सिन्हा के अलावा मैनेजर बताए जा रहे सुबोध सिंह और अमित सिन्हा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पचंबा थाना पुलिस ने मुकेश सिन्हा की निशानदेही पर अनिता सिन्हा, सुबोध सिंह और अमित सिन्हा समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अनिता सिन्हा से महिला पुलिसकर्मी की निगरानी में पूछताछ की जा रही है।

अनिता सिन्हा की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में कथित पीड़ित पचंबा थाना के बाहर जुट गए। ग्रामीणों ने दोनों को उनके बीच लाने की मांग करते हुए थाना के बाहर हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ को देखते हुए स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को क्यूआरटी की टीम बुलानी पड़ी।

मामले को लेकर डीएसपी आरके राणा, इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन और थाना प्रभारी राजीव कुमार ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संगठन के नाम पर गाड़ी फाइनेंस कराने के अलावा भगवान कृष्ण जन्माष्टमी के नाम पर भी लोगों से ठगी किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

पुलिस के मुताबिक, अनिता सिन्हा गाड़ी खरीदने के इच्छुक लोगों को झांसा देती थी। अलग-अलग मॉडल की गाड़ियां कुछ ही दिनों में फाइनेंस कराने का भरोसा देकर लोगों से लाखों रुपये लिए गए। हालांकि, जब ग्राहक गाड़ी उपलब्ध कराने की मांग करते तो मुकेश और अनिता सिन्हा टालमटोल करने लगते थे।

पुलिस के अनुसार, कुछ महीने पहले लोगों के बढ़ते दबाव के कारण दोनों पति-पत्नी बगोदर स्थित कार्यालय बंद कर फरार हो गए थे। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकेश सिन्हा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर बुधवार को अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *