रांची

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने खरगे और वेणुगोपाल से की मुलाकात, संगठन विस्तार और एसआईआर पर चर्चा

रांची, 2 सितंबर । झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में संगठन विस्तार, पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान मंत्री ने झारखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात और राज्य सरकार के कामकाज से जुड़े विषयों की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को दी। साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और संगठन को और प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

दीपिका पांडेय सिंह ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर आम लोगों के सामने आ रही चुनौतियों और मतदान के अधिकार से जुड़े विषयों पर भी केंद्रीय नेताओं के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा के राजनीतिक प्रयासों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस को संगठनात्मक स्तर पर और मजबूत होकर काम करना होगा।

बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। केंद्रीय नेतृत्व ने विभिन्न मुद्दों पर पार्टी की भूमिका और आगे की रणनीति को लेकर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *