रांची

96 शारीरिक शिक्षा शिक्षक बने क्रिकेट प्रशिक्षक, स्कूलों में तैयार करेंगे नई प्रतिभाएं

रांची, 1 सितंबर 2026। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित दो चरणों का क्रिकेट प्रशिक्षक प्रशिक्षण कोर्स मंगलवार को झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT), रातू, रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भारतीय लोक कल्याण संस्थान के तकनीकी सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण में राज्य के सभी 24 जिलों से कुल 96 शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों से विद्यालय स्तर पर क्रिकेट की मजबूत नींव तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान हासिल ज्ञान और कौशल का इस्तेमाल विद्यालयों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने में किया जाना चाहिए।

महिला क्रिकेट पर विशेष जोर

शशि रंजन ने विशेष रूप से महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, पीएम श्री विद्यालयों और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में क्रिकेट प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। यदि इन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर मिलें तो वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि दिसंबर में अंतर-मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त सभी शिक्षकों से प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए अभी से विद्यालय स्तर पर तैयारी शुरू करने का आग्रह किया।

बैटिंग से लेकर अंपायरिंग तक दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण का पहला चरण 23 से 26 अगस्त और दूसरा चरण 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों को क्रिकेट के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की सैद्धांतिक और प्रायोगिक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग, रनिंग बिटवीन द विकेट, विकेटकीपिंग और कप्तानी के अलावा क्रिकेट के 42 नियमों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों के कौशल विकास के लिए विभिन्न प्रकार की ड्रिल भी कराई गई।

प्रशिक्षण देने वालों में अनिसुर रहमान (NIS क्रिकेट प्रशिक्षक), सौमित्र पटनायक (BCCI लेवल-1 क्रिकेट प्रशिक्षक सह अंपायर), चंचल भट्टाचार्य (वरिष्ठ क्रिकेट प्रशिक्षक), मानिक चंद्र घोष (BCCI लेवल-1 क्रिकेट कोच), अजय कुकरेती (वरिष्ठ अंपायर सह क्रिकेट प्रशिक्षक) और चंद्रदेव सिंह (क्रिकेट प्रशिक्षक सह सीनियर वीडियो एनालिस्ट, BCCI) शामिल रहे।

200 अंकों की परीक्षा

प्रशिक्षण के अंतिम दिन प्रतिभागियों की 100 अंकों की सैद्धांतिक और 100 अंकों की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की गई। शिक्षकों ने परीक्षा में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने क्रिकेट कौशल का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान सभी शिक्षकों ने विद्यालय स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के उपनिदेशक सुनील कुमार, उप सचिव जीवंत‍ी देवगम और उपनिदेशक बांके बिहारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग, बिहार गौरव और रजनीकांत मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन चंद्रदेव सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *