एसआइआर के तहत मतदान केंद्रों पर नोटिस, सुनवाई और दस्तावेजों का सत्यापन जारी
खूंटी , 01 सितंबर । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत खूंटी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर नोटिस, सुनवाई, दावा-आपत्तियों के निस्तारण और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो जावेद हुसैन के नेतृत्व में चल रही इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से मतदाताओं से प्राप्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, मैट्रिक या अन्य मान्यता प्राप्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, वन अधिकार प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न दस्तावेजों को शामिल किया गया है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी का पहचान पत्र या पीपीओ, सरकारी या स्थानीय प्राधिकरण, बैंक, डाकघर, एलआइसी और पीएसयू की ओर से जारी प्रमाण-पत्र मान्य दस्तावेजों में शामिल हैं।
दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, आवश्यक सुधार करने और प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। एसआईआर के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
उपायुक्त ने कहा कि एसआइआर के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिकों के दावों का निष्पक्ष एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
