ओपन कराटे चैंपियनशिप में प्रणीत और अंजली ने जीता स्वर्ण
रांची। कोलकाता के साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कलकत्ता ओपन कराटे चैंपियंस ट्रॉफी में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण समेत चार पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में प्रणीत मोहक मिंज और अंजली कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
लड़कों के 8 से 10 वर्ष आयु वर्ग की काता स्पर्धा में प्रणीत मोहक मिंज ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 10 वर्ष के कुमिते वर्ग में उन्होंने कांस्य पदक जीता।
लड़कियों के 15 वर्ष आयु वर्ग की काता स्पर्धा में अंजली कुमारी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 40 किलोग्राम से कम वजन वर्ग की कुमिते स्पर्धा में अंजली ने रजत पदक जीता।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले दोनों खिलाड़ियों को कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के ट्राइबल एवं माइनॉरिटी कमीशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया है। दोनों खिलाड़ियों को जल्द ही इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
खिलाड़ियों की सफलता पर इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के अध्यक्ष संसाई अनिल किस्पोट्टा, राकेश तिर्की, उमाशंकर महतो सहित अन्य ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।
